सवाई माधोपुर जिले में साइबर अपराधों की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में है। पुलिस अधीक्षक (SP) ममता गुप्ता के नेतृत्व में साइबर ठगों के खिलाफ सख्त अभियान चलाए जा रहे हैं। ऑपरेशन "एंटी वायरस" और "साइबर शील्ड" के तहत अब तक पुलिस ने कई महत्वपूर्ण गिरफ्तारियां की हैं और ठगी करने वाले गिरोहों पर शिकंजा कसा है।
देश के टॉप-5 साइबर अपराध प्रभावित जिलों में सवाई माधोपुर
राजस्थान में अन्य जिलों की तरह ही सवाई माधोपुर में भी साइबर अपराध तेजी से पैर पसार रहा है। इस जिले को देश के शीर्ष पांच साइबर अपराध प्रभावित जिलों में शामिल किया गया है। यहां साइबर ठग टिंपिंग और डबलिंग जैसी धोखाधड़ी के जरिए लोगों को अपने जाल में फंसा रहे हैं। ये अपराधी शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में सक्रिय होकर लोगों को लालच देकर ठगी का शिकार बना रहे हैं।
ऑनलाइन ठगी करने वाले गिरोह टेलीग्राम चैनलों और अन्य डिजिटल माध्यमों का उपयोग कर लोगों को पैसे डबल करने, लॉटरी जीतने और फर्जी योजनाओं में निवेश करने का झांसा देते हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि स्थानीय लोक कलाकार भी साइबर ठगी को बढ़ावा देने के लिए टिप्पिंग संबंधित गाने बनाकर प्रचार-प्रसार कर रहे हैं, जिससे यह समस्या और गंभीर होती जा रही है।
पुलिस कार्रवाई के बाद साइबर अपराधों में आई गिरावट
एसपी ममता गुप्ता के अनुसार, पुलिस की सख्ती के कारण साइबर अपराधों में उल्लेखनीय गिरावट आई है। पहले जहां साइबर पोर्टल पर हर महीने 150 से 200 मामले दर्ज हो रहे थे, अब यह संख्या घटकर 50 से 70 रह गई है। पुलिस की तत्परता और लगातार हो रही कार्रवाई से जिले में साइबर अपराध के ग्राफ में कमी देखी जा रही है।
![]() |
mamta gupta sp (sawai madhopur) |
व्यापक स्तर पर हुई कार्रवाई
साइबर अपराध पर लगाम कसने के लिए जिले में "ऑपरेशन एंटी वायरस" और "ऑपरेशन साइबर शील्ड" चलाए गए। इन अभियानों के तहत पुलिस ने अब तक 100 से अधिक एफआईआर दर्ज की हैं और करीब 173 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है।
इसके अलावा, पुलिस ने इस दौरान 244 मोबाइल फोन, 7 चौपहिया वाहन, 15 बाइक जब्त की हैं। वहीं, 488 मोबाइल सिम और 1448 मोबाइल IMEI नंबर ब्लॉक किए जा चुके हैं। अब तक पुलिस 10 लाख रुपए से अधिक की राशि जब्त कर चुकी है और ठगी में उपयोग किए गए खातों को होल्ड करवाया गया है।
आमजन को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान
साइबर अपराधों को जड़ से खत्म करने के लिए पुलिस केवल अपराधियों को गिरफ्तार करने तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों को जागरूक करने के लिए भी विशेष अभियान चला रही है। आम नागरिकों को ऑनलाइन ठगी से बचने के उपाय सिखाए जा रहे हैं और उन्हें सतर्क रहने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
सवाई माधोपुर में साइबर अपराध की तेजी से बढ़ती घटनाओं को देखते हुए पुलिस का यह सख्त रवैया सकारात्मक परिणाम ला रहा है। आने वाले समय में यह जागरूकता अभियान और पुलिस की लगातार कार्रवाई जिले में साइबर ठगी पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में मददगार साबित हो सकती है।